summer express,फरीदाबाद। सिरोही गांव में दोस्ती के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने अपने साथी राजकुमार की हत्या करने के बाद पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के लिए उसके झील में डूबने की झूठी कहानी रची। आरोपी ने वारदात के बाद पुलिस और गोताखोरों के साथ मिलकर झील में शव तलाशने का नाटक भी किया। हालांकि, पूछताछ के दौरान उसके बार-बार बदलते बयानों से पुलिस को शक हुआ और सख्ती से पूछताछ करने पर हत्या का राज खुल गया।
मूल रूप से मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के रहने वाले गोरेलाल पिछले करीब 20 वर्षों से सिरोही गांव में किराए के मकान में रह रहे हैं। वह मिस्त्री का काम करते हैं, जबकि उनके पांचों बेटे मजदूरी करते हैं। गोरेलाल के अनुसार, शाम करीब चार बजे उनके चौथे बेटे राजकुमार (19) के मोबाइल पर पड़ोस में रहने वाले एक युवक का फोन आया। फोन आने के बाद राजकुमार घर से बाहर चला गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने जब राजकुमार की तलाश शुरू की तो पड़ोसी युवक ने उन्हें बताया कि राजकुमार झील के किनारे सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह पानी में गिर गया। सूचना मिलने पर धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से झील में तलाश अभियान शुरू कराया गया।
सुबह से देर रात तक गोताखोरों ने झील के गहरे पानी में राजकुमार की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस दौरान आरोपी भी लगातार मौके पर मौजूद रहा और पुलिस तथा परिजनों के सामने हादसे की कहानी दोहराता रहा। वह खुद को घटना का गवाह बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बयानों में विरोधाभास नजर आया। वह पूछताछ में बार-बार अपनी बात बदल रहा था, जिससे पुलिस का संदेह गहरा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने राजकुमार की हत्या करने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि हत्या के बाद शव को झील में फेंकने के बजाय अरावली की पहाड़ियों में छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस रात करीब साढ़े आठ बजे झील से लगभग 200 मीटर दूर अरावली की पहाड़ियों में पहुंची। वहां पत्थरों के बीच छिपाकर रखा गया राजकुमार का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ाई।
धौज थाना पुलिस ने मामले में आरोपी युवक और उसके पिता जमशेद के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छिपाने समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।