Summer express/चंबा-: हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) चंबा डिपो में तैनात सेक्शन ऑफिसर के खिलाफ चालक-परिचालक यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। यूनियन ने सेक्शन ऑफिसर पर वित्तीय अनियमितताओं और कर्मचारियों को परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर चालक-परिचालकों ने शिमला में धरना-प्रदर्शन कर निगम प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
HRTC चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि चंबा में तैनात सेक्शन ऑफिसर लगातार वित्तीय अनियमितताएं कर रहे हैं और इनका खामियाजा कंडक्टरों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सेक्शन ऑफिसर की कथित मनमानी को चालक-परिचालक अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। यूनियन का आरोप है कि मामले को 20 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संबंधित अधिकारी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
मान सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रबंधन की ओर से भी सेक्शन ऑफिसर का बचाव किया जा रहा है, जबकि चालक-परिचालकों को बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने प्रबंधन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो 8 अक्टूबर से चंबा डिपो में बसों के पहिए जाम कर दिए जाएंगे। इसके बाद भी यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 9 अक्टूबर से पूरे हिमाचल प्रदेश में बसों का चक्का जाम किया जाएगा।यूनियन ने HRTC कर्मचारियों के जीपीएफ को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। चालक-परिचालक यूनियन का आरोप है कि पिछले करीब तीन महीनों से कर्मचारियों के वेतन से जीपीएफ की राशि काटी जा रही है, लेकिन यह राशि उनके जीपीएफ खातों में जमा नहीं की जा रही है। यूनियन ने कहा कि कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते में समय पर राशि जमा नहीं होना गंभीर मामला है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रबंधन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
यूनियन नेताओं ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि चंबा सेक्शन ऑफिसर के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए तथा कर्मचारियों के जीपीएफ की लंबित राशि उनके खातों में तत्काल जमा करवाई जाए।इस दौरान चालक यूनियन अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर और कंडक्टर यूनियन प्रधान प्रीतम ने भी कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी और प्रबंधन को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।