summer express ,लुधियाना । सलेम टाबरी इलाके में उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवक के अंतिम संस्कार के दौरान उसके परिजनों ने मौत के कारणों पर सवाल उठाते हुए चिता जलाने की प्रक्रिया रुकवा दी। परिजनों ने शव पर गले के आसपास संदिग्ध निशान देखने के बाद ससुराल पक्ष पर युवक की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया। इसके बाद वे शव को अपने साथ लेकर पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है। वह इलाके में लापियानो पिज्जा नाम से फूड आउटलेट चलाता था। परिजनों के अनुसार, सन्नी ने करीब दो साल पहले अपनी पसंद से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह ससुराल में ही रह रहा था और वहीं से अपना कारोबार संचालित करता था।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को ससुराल पक्ष की ओर से उन्हें फोन कर जानकारी दी गई कि सन्नी को अचानक दिल का दौरा पड़ा था, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद ससुराल पक्ष शव को अंतिम संस्कार के लिए सलेम टाबरी स्थित श्मशान घाट ले गया। परिजनों को सूचना मिलने पर वे भी श्मशान घाट पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि अंतिम दर्शन के दौरान जब उन्होंने सन्नी के गले के आसपास खरोंच और दबाव के संदिग्ध निशान देखे तो उन्हें मौत के कारणों पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने अंतिम संस्कार रुकवा दिया और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। परिजन शव को लेकर एल्डेको पुलिस चौकी पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस को दी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर लुधियाना सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह डॉक्टरों के विशेष मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले में परिजनों के आरोपों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।