summer express ,अंबाला (अंकुर कपूर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को अंबाला शहर में सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन ग्राउंड में होगा, जिसमें हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद कलश यात्रा भी निकाली जाएगी।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अंबाला छावनी से भाजपा कार्यकर्ताओं का एक बड़ा काफिला बसों के जरिए अंबाला शहर के लिए रवाना हुआ। कार्यकर्ता हाथों में भाजपा के झंडे लेकर पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाते हुए रवाना हुए। कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
अंबाला छावनी से रवाना हुए कार्यकर्ताओं के काफिले की अगुवाई नगर परिषद अंबाला छावनी की अध्यक्ष स्वर्ण कौर, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष अजय बवेजा, मार्केट कमेटी के अध्यक्ष बलविंदर सिंह और मनोनीत पार्षद बीएस बिंद्रा ने की।
भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अंबाला में भी पार्टी की ओर से रक्तदान शिविर समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अब सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, सेवा ज्योति यात्रा के बाद कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए अंबाला छावनी से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अंबाला शहर पहुंचे हैं। कार्यक्रम के दौरान पार्टी की ओर से सेवा गतिविधियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा।