Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांगड़ा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर निगरानी तेज कर दी है। मिठाई, खोया, पनीर, दही सहित अन्य खाद्य पदार्थों की लगातार सैंपलिंग और निरीक्षण किया जा रहा है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं।विभाग के अनुसार चालू वित्त वर्ष में अब तक पूरे कांगड़ा जिले, जिसमें नगर निगम क्षेत्र भी शामिल है, से 276 सर्विलेंस सैंपल और 165 लीगल सैंपल लिए गए हैं। प्राप्त रिपोर्टों में अब तक 13 लीगल सैंपल फेल पाए गए हैं। इनमें 11 सैंपल सब-स्टैंडर्ड, जबकि दो सैंपल मिसब्रांडेड पाए गए हैं। कुछ सैंपलों की जांच रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने फेल पाए गए सैंपलों को लेकर संबंधित खाद्य कारोबार संचालकों को एफएसएसएआई के नियम 2.4.6 के तहत नोटिस जारी किए हैं। कारोबारियों को अपना पक्ष रखने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है। इस अवधि के दौरान संबंधित कारोबारी चाहें तो अपने सैंपल की रेफरल लैब से दोबारा जांच भी करवा सकते हैं।विभाग के अधिकारियों के मुताबिक निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। रजिस्ट्रेशन वाले कारोबारियों के मामलों में सेक्शन 69 के तहत कंपाउंडिंग की कार्रवाई की जा सकती है, जबकि लाइसेंसधारक कारोबारियों के मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए एडीएम के समक्ष भेजा जाएगा।त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने मिठाई निर्माताओं को केवल एफएसएसएआई द्वारा अनुमोदित खाद्य रंगों का निर्धारित मात्रा में इस्तेमाल करने की हिदायत दी है। विभाग की टीमों की ओर से आने वाले दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और सैंपलिंग जारी रखी जाएगी।