Summer express/शिमला/मंडी/ऊना/बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में भाजपा की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिमला, मंडी, ऊना और बिलासपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।शिमला में भाजपा ने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली और इसके बाद राष्ट्रीय रंगोली के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। भाजपा विधायक रीना कश्यप ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए अटल टनल सहित विभिन्न परियोजनाओं को गिनाया। वहीं, जिला भाजपा अध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।
मंडी के नेरचौक में भाजपा मंडी जिला द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा—सेवा ज्योति यात्रा’ में भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्बाल ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान हित, युवाओं के अवसर, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में किए गए कार्यों का उल्लेख किया।राकेश जम्बाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को भी केंद्र सरकार के कार्यकाल में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेलवे, पर्यटन, जल और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब घोषणाओं और धरातल पर हुए कार्यों के बीच का अंतर देख रही है।
ऊना के कुटलैहड़ में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो के नेतृत्व में बाइक रैली के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के राजनीतिक एवं जनसेवा सफर को रेखांकित किया गया। भुट्टो ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा राष्ट्र प्रथम, सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा है। उन्होंने युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।वहीं, बिलासपुर के घुमारवीं में भाजपा की जिला स्तरीय संकल्प सभा आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इसके बाद मशाल जलाकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए विकसित भारत के निर्माण और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं श्रीनयना देवी विधायक रणधीर शर्मा, सदर विधायक त्रिलोक जम्वाल सहित पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल राजनीतिक सफर नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।