समर न्यूज |लुधियाना
साइकिल निर्माण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एवोन साइकिल्स ने निर्यात में नया रिकॉर्ड कायम किया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 130 करोड़ रुपये का निर्यात राजस्व हासिल किया, जो वित्त वर्ष 2025-26 के पूरे साल के निर्यात से भी अधिक है।
कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में 250 करोड़ रुपये और वर्ष 2030 तक 500 करोड़ रुपये के निर्यात का लक्ष्य रखा है।
अपनी 75 वर्षों की विरासत के साथ कंपनी वैश्विक बाजारों में विस्तार कर रही है। यूरोप व अमेरिका का निर्यात राजस्व में 70 प्रतिशत योगदान है, जबकि शेष हिस्सेदारी अफ्रीका और मध्य पूर्व के बाजारों से आती है।
{नई फैक्टरी से दोगुनी होगी क्षमता: अंतरराष्ट्रीय मांग को पूरा करने के लिए कंपनी ने 100 प्रतिशत निर्यात केंद्रित नई विनिर्माण इकाई विकसित की है। इसकी वर्तमान उत्पादन क्षमता 50 हजार साइकिल प्रतिमाह है, जिसे फरवरी 2027 से बढ़ाकर एक लाख साइकिल प्रतिमाह करने की योजना है। इससे बड़े अंतरराष्ट्रीय ऑर्डर पूरे करने में मदद मिलेगी। कंपनी आधुनिक मशीनरी, इन-हाउस परीक्षण सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर निवेश कर रही है। नई इकाई को डिज्नी एफएएमए, एसएमईटीए 4-पिलर, आईएसओ 9001:2015 और वॉलमार्ट से संबंधित प्रमाणन प्राप्त हैं। कंपनी बांग्लादेश में कारोबार बढ़ाने के साथ 2027 में दक्षिण अमेरिका और 2028 में कनाडा में विस्तार की तैयारी कर रही है। सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं और भारत के व्यापार समझौतों से भी निर्यात बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।