लक्की मेहता |लुधियाना
समर न्यूज
शहर के प्रमुख सार्वजनिक पार्क रोज गार्डन में बदहाल व्यवस्था के कारण बुजुर्गों और सीनियर सिटीजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्क में बैठने के लिए लगाई गई लोहे की कई कुर्सियां टूटी पड़ी हैं, वहीं मेन गेट के बाहर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इससे पार्क में सैर करने आने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।
गौ सेवक भूषण गुप्ता ने कहा कि रोज गार्डन में शहर के बड़ी संख्या में बुजुर्ग, सीनियर सिटीजन और बच्चे समय बिताने आते हैं। ऐसे में पार्क में बैठने की उचित व्यवस्था होना जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि पार्क के बिल्कुल पास मेयर हाउस होने के बावजूद क्या अधिकारियों, इलाका पार्षद और विधायकों को यहां की बदहाल स्थिति नजर नहीं आती?
भूषण गुप्ता ने तंज कसते हुए कहा कि जब कोई फोटो शूट करवाना हो तो सभी आगे आ जाते हैं, लेकिन जनता की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने मेयर, इलाका पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से मांग की कि रोज गार्डन में टूटी कुर्सियों को बदलकर नई कुर्सियां लगाई जाएं। साथ ही गेट के बाहर सड़क पर बने गड्ढों की जल्द मरम्मत करवाई जाए, ताकि बुजुर्गों, बच्चों और अन्य लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।