सहजप्रीत सिंह |लुधियाना
समर न्यूज
सड़क किनारे नियमों को ताक पर रखकर खड़े भारी वाहन किस तरह किसी की जिंदगी छीन सकते हैं, इसका दर्दनाक उदाहरण मेट्रो रोड पर देखने को मिला। थाना फोकल प्वाइंट के अंतर्गत नो-पार्किंग जोन में खड़े एक ओवरलोड ट्रक से ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि ट्रक से बाहर निकले लोहे के सरिये ई-रिक्शा चालक की गर्दन के आर-पार हो गए। गंभीर चोटों के चलते 35 वर्षीय चालक दीपक पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। जिस पिता के सहारे दो छोटी बेटियों का भविष्य टिका था, उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जानकारी के अनुसार, मेट्रो रोड पर सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में ओवरलोड ट्रक खड़ा था। ट्रक से लोहे के सरिये बाहर निकले हुए थे। इसी दौरान ई-रिक्शा लेकर जा रहे दीपक की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के दौरान बाहर निकले सरिये उसकी गर्दन के आर-पार हो गए।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दीपक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। दीपक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। मृतक के भाई प्रिंस ने रुंधे गले से बताया कि दीपक ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पेट पालता था। परिवार की सारी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी दो छोटी बेटियां हैं।