नीलकमल मोनू | लुधियाना
समर न्यूज
गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह जी, मॉडल टाउन एक्सटेंशन, लुधियाना में प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाला जप-तप चौपहरा समागम इस बार भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ करवाया गया।
समागम में बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरु चरणों में माथा टेका तथा गुरबाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया।
गुरुद्वारा साहिब में सुबह से ही संगत के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने जप-तप, सिमरन और गुरबाणी से जुड़कर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं। पूरे गुरुद्वारा परिसर में गुरबाणी और सिमरन से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। संगत द्वारा गुरु साहिब के चरणों में अरदास कर परिवार की सुख-शांति, तंदुरुस्ती और चढ़दी कला की कामना की गई।
जप-तप चौपहरा समागम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु लुधियाना के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पंजाब के अलग-अलग शहरों तथा अन्य राज्यों से भी गुरुद्वारा साहिब पहुंचे।
दूर-दराज से आने वाली संगत ने गुरु साहिब के दर्शन किए, गुरबाणी का श्रवण किया और सेवा कार्यों में हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं में समागम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रबंधक कमेटी की ओर से समागम में पहुंचने वाली संगत की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए। गुरु घर आने वाली संगत के लिए जल की सेवा, छबील तथा लंगर की व्यवस्था की गई। सेवादारों ने पूरी श्रद्धा और लगन के साथ अपनी सेवाएं निभाईं।