समर न्यूज | लुधियाना
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। वे जोखिम और विषम परिस्थितियों के बावजूद घटनास्थल पर पहुंचकर सच्चाई समाज के सामने लाते हैं। अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए कई पत्रकारों ने प्राण गंवाए हैं। ऐसे में दिवंगत पत्रकारों के परिवारों की सुध लेना समाज की जिम्मेदारी है।
दत्ता शुक्रवार को लुधियाना के गुरु नानक देव भवन में यूनाइटेड प्रेस क्लब की ओर से दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में आयोजित धार्मिक सद्भावना सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कई बार पत्रकारों के निधन के बाद उनके परिवार अकेले पड़ जाते हैं। क्लब की ओर से ऐसे परिवारों को आर्थिक सहयोग और सामाजिक संबल देने की पहल सराहनीय है।
{परिवारों को भरोसा देना जरूरी: दत्ता ने एक दिवंगत पत्रकार के परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि पत्रकार के जीवित रहते घर में लोगों का आना-जाना रहता था, लेकिन उनके निधन के बाद परिवार की सुध लेने वाला कोई नहीं बचा। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों को यह एहसास कराना जरूरी है कि वे अकेले नहीं हैं।
{धार्मिक सद्भाव का संदेश: सभा में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, संतों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने दिवंगत पत्रकारों की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की। क्लब अध्यक्ष अर्शदीप सिंह समर ने कहा कि वर्ष 2014 में स्थापित संस्था पत्रकारों के कल्याण, जरूरतमंद परिवारों की सहायता और सामाजिक एकता के लिए काम कर रही है।