गुरशरण सिंह / सुरिंदर सिंह अंकुश
मोहाली | समर न्यूज
गांव जगतपुरा में मोहाली नगर निगम के पूर्व डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी की अध्यक्षता में एक विशाल मुफ्त मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में 550 से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। जगतपुरा के अलावा आसपास के गांवों के लोगों ने भी इस कैंप का लाभ उठाया। कैंप में त्वचा रोग, दांतों की समस्याओं और आंखों की जांच के लिए विशेष मेडिकल टीमें पहुंची थीं। ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की भी मुफ्त जांच की गई और मरीजों को उचित चिकित्सकीय सलाह दी गई। पूर्व डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने कहा कि गुरु साहिब की कृपा से जनसेवा का यह कार्य हो रहा है और भविष्य में भी गांवों में ऐसे कैंप लगाए जाएंगे। कैंप की शुरुआत अरदास के साथ हुई। इसे सफल बनाने में जगतपुरा की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और विभिन्न गांवों के पंचों व नंबरदारों का विशेष सहयोग रहा।
‘तेरा-तेरा’ संस्था की ओर से संगत के लिए लंगर का भी प्रबंध किया गया था। इस मौके पर गुरदेव सिंह चौहान, राजा कमरजोत सिंह, डॉ. तेहल सिंह और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।