अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार तड़के शहर में व्यापक कॉरडन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा की सीधी निगरानी में शहर के चारों जोनों के 11 पुलिस थानों के अंतर्गत आते 15 चिह्नित ड्रग हॉटस्पॉट पर सुबह छह बजे एक साथ छापेमारी की गई। पुलिस ने 15 एफआईआर दर्ज कर 19 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से हेरोइन, आईस, गांजा और चूरा पोस्त बरामद किया गया।
ऑपरेशन की गंभीरता को देखते हुए लुधियाना के डीसी हिमांशु जैन और पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा खुद मैदान में उतरे और विभिन्न हॉटस्पॉट का दौरा कर कार्रवाई का जायजा लिया। अभियान की निगरानी पांच डीसीपी और सात एडीसीपी ने की। वहीं, 25 गजेटेड अधिकारियों के नेतृत्व में 40 एसएचओ और चौकी इंचार्ज सहित करीब 500 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया।
पुलिस ने सबसे पहले चिह्नित इलाकों के प्रवेश और निकास मार्गों को सील किया, ताकि संदिग्धों को भागने का मौका न मिले। इसके बाद सूचीबद्ध नशा तस्करों के ठिकानों, नशा सेवन के अड्डों और संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई। अभियान के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर को साथ लेकर मेडिकल स्टोरों पर भी औचक जांच की गई।
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 465 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और 158 वाहनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान कुल 15 एफआईआर दर्ज कर 19 कथित नशा सप्लायरों और पेडलरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों से कुल 143 ग्राम हेरोइन, 61 ग्राम आइस (क्रिस्टल मेथ), 10 किलोग्राम गांजा और तीन किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया है।