Summer express, जालंधर । गोराया में नेशनल हाईवे पर प्रेस मशीन लेकर जा रहा एक छोटा हाथी वाहन बेकाबू होकर पलट गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच अधिकारी के अनुसार, पुलिस को एक राहगीर ने सूचना दी थी कि नेशनल हाईवे पर छोटा हाथी पलट गया है, जिसके कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि वाहन में प्रेस मशीन लदी हुई थी और वह सड़क पर पलटा पड़ा था।
वाहन चालक ने पुलिस को बताया कि वह लुधियाना से जालंधर की ओर जा रहा था। बिरजू बर्फी के पास पहुंचने पर प्रेस मशीन को बांधने के लिए इस्तेमाल की गई रस्सियां टूट गईं। इससे मशीन का संतुलन बिगड़ गया और छोटा हाथी चालक के नियंत्रण से बाहर होकर हाईवे पर पलट गया।
हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। स्थिति को संभालने के लिए मौके पर मिनी ड्राइड्रा मंगवाया गया। इसकी मदद से पलटे हुए वाहन को सीधा किया गया और प्रेस मशीन को दोबारा वाहन में लाद दिया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय वाहन में दो लोग सवार थे। दोनों सुरक्षित रहे और दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।