Summer express/शिमला/संजू -:शिमला में कमला नेहरू अस्पताल (KNH) से गायनी ओपीडी को IGMC शिफ्ट करने के फैसले के विरोध में आवाज तेज हो गई है। शनिवार को अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने शिमला में उपायुक्त कार्यालय के बाहर सांकेतिक प्रदर्शन किया और सरकार से गायनी ओपीडी को कमला नेहरू अस्पताल में ही संचालित करने की मांग उठाई। समिति ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया, तो आने वाले समय में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य सचिव फालमा चौहान ने कहा कि सरकार को केएनएच से गायनी ओपीडी शिफ्ट करने के बजाय अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि केएनएच में महिलाओं को रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। साथ ही, 1 अप्रैल 2026 से टेस्ट दरों में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए।फालमा चौहान ने कहा कि केएनएच से जुड़ा मामला हाईकोर्ट में भी विचाराधीन है। उनके अनुसार, अदालत ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद ओपीडी को IGMC में चलाए जाने से महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार महिलाओं को IGMC में पर्ची कटवाने के बाद इलाज के लिए केएनएच जाना पड़ता है। इससे गर्भवती महिलाओं को विशेष रूप से दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। समिति ने सरकार से मांग की कि गायनी ओपीडी को केएनएच में ही बहाल रखा जाए, ताकि महिलाओं को एक ही स्थान पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।