त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, अनियमितताओं पर दुकानदारों को नोटिस जारी
Summer express/शिमला/ संजू -:दीपावली के त्योहार से पहले राजधानी शिमला में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य आपूर्ति एवं खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर की मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ दुकानों में गंदगी और कॉकरोच मिलने के मामले सामने आए, जबकि कई स्थानों पर मिठाइयां और अन्य खाद्य सामग्री खुले में रखी मिली। इससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका बढ़ गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए कुछ मिठाइयों को नष्ट भी करवाया। नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी कर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में संयुक्त टीम ने विभिन्न मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर वहां रखे खाद्य पदार्थों की स्थिति और साफ-सफाई का जायजा लिया। जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के मानकों की अनदेखी सामने आई। कई जगह खाद्य सामग्री बिना ढके रखी हुई थी, जिससे उस पर धूल और कीड़े-मकोड़े गिरने का खतरा बना हुआ था। वहीं, कुछ दुकानों में कॉकरोच मिलने से खाद्य पदार्थों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने संबंधित दुकानदारों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नोटिस भी जारी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकानों में स्वच्छता बनाए रखना, खाद्य पदार्थों को ढककर रखना और सुरक्षित तरीके से उनका भंडारण करना अनिवार्य है। निर्धारित समय में कमियों को दूर नहीं करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त डॉ. विजया ने बताया कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत दुकानों के साथ-साथ खाद्य पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है, ताकि निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी एफएसएसएआई के नियमों के प्रति लगातार जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे खरीदारी करते समय मिठाइयों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान दें। विशेष रूप से अत्यधिक चमकीले रंगों वाली मिठाइयों को खरीदने से बचें और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना संबंधित विभाग को दें।फिलहाल, शिमला में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने का यह अभियान दीपावली तक जारी रहेगा। ऐसे में मिठाई कारोबारियों के लिए स्वच्छता नियमों का पालन करना जरूरी होगा। वहीं, आम लोगों को भी त्योहार की खुशियों के बीच अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही चयन करना चाहिए।