Summer express/कुरुक्षेत्र, गुरदीप सिंह गुजराल-: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (केयूके) के प्रोफेसर के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के मार्गदर्शन में थर्ड गेट पुलिस चौकी की टीम ने यह कार्रवाई की।
डीएसपी मुख्यालय सुरेश कुमार ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में कार्यरत डॉ. जतिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4 बजे वह सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक स्कॉर्पियो और स्कूटी के बीच टक्कर होते देखी, जिससे स्कूटी सवार दो लड़कियां गिर गईं।
डॉ. जतिन लड़कियों की सहायता के लिए रुके तो उन्होंने देखा कि दो युवक उनके मोबाइल फोन से वीडियो बना रहे थे। जब उन्होंने युवकों को ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद अन्य युवकों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया।
शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ मामला
डॉ. जतिन की शिकायत पर थाना केयूके में मामला दर्ज कर जांच थर्ड गेट पुलिस चौकी को सौंपी गई। जांच के दौरान पुलिस ने 16 अक्टूबर 2026 को आर्यन निवासी घराड़सी, जिला कुरुक्षेत्र, रवि निवासी नरवाना, जिला जींद और निशांत निवासी खनौदा, जिला कैथल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में शामिल कैथल जिले के एक नाबालिग आरोपी को भी अभिरक्षा में लिया है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया।