Summer express/चिंतपूर्णी, विकास-: शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के मंदिर परिसर में तैनात होमगार्ड के जवानों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए श्रद्धालु का गुम हुआ महंगा मोबाइल फोन वापस लौटाया। होमगार्ड के इस सराहनीय कार्य की महिला श्रद्धालु ने प्रशंसा करते हुए जवानों का आभार जताया।जानकारी के अनुसार, होशियारपुर निवासी सुरिंदर कौर पत्नी बलदेव सिंह का आईफोन प्रो मंदिर परिसर में कहीं गुम हो गया था। मंदिर में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड पीसी इंचार्ज जगीरी सिंह ने तत्परता दिखाते हुए फोन को ढूंढ निकाला और उसे सुरक्षित महिला के सुपुर्द कर दिया। अपना कीमती मोबाइल वापस मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली और होमगार्ड के जवान की ईमानदारी की सराहना की।
बताया जा रहा है कि उक्त आईफोन प्रो की बाजार में कीमत करीब 1 लाख 30 हजार से 1 लाख 50 हजार रुपये के बीच है। इतने महंगे मोबाइल को सुरक्षित उसके असली मालिक तक पहुंचाना होमगार्ड की जिम्मेदार कार्यप्रणाली को दर्शाता है।होमगार्ड पीसी इंचार्ज जगीरी लाल की अध्यक्षता में मंदिर परिसर और मेले में तैनात जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रिय हैं। ड्यूटी के दौरान जवान न केवल भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सहायता करने में जुटे हैं, बल्कि खोए हुए सामान को उसके मालिकों तक पहुंचाने तथा जेबकतरों पर नजर रखने में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को मंदिर परिसर में एक अन्य आईफोन गुम हो गया था, जिसे शनिवार को जालंधर निवासी शीला देवी को वापस लौटाया गया। इसके अलावा, पिछले दिनों भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं की जेब काटने वाले आरोपियों को भी होमगार्ड के जवानों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।होमगार्ड के जवानों की इन लगातार सराहनीय कार्रवाइयों से श्रद्धालुओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हो रही है।