करनाल में जम्मू-कश्मीर की निजी बस पर पथराव, 4 शीशे टूटे; यात्री घायल
Summer express/करनाल/राकेश कुमार शर्मा-:हरियाणा के करनाल में एक निजी ढाबे पर पार्किंग को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। यहां जम्मू-कश्मीर की एक निजी बस पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार दो व्यक्तियों ने बस पर पत्थर फेंके, जिससे बस के तीन से चार शीशे टूट गए। इस घटना में शीशे के टुकड़े लगने से बस में सवार एक यात्री घायल हो गया। घटना के बाद ढाबे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला दो पक्षों के बीच आपसी विवाद का सामने आया है।
पार्किंग और साइड को लेकर शुरू हुई कहासुनी
जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर की निजी बस एक ढाबे पर रुकी हुई थी। इसी दौरान बस में सवार एक यात्री और कार में सवार दो व्यक्तियों के बीच पार्किंग और रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कार सवार व्यक्तियों ने गुस्से में आकर बस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव के कारण बस के तीन से चार शीशे टूट गए। टूटे हुए शीशे की चपेट में आने से एक यात्री को चोट लगी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई।
पुलिस बोली- दोनों पक्षों ने किया था नशा
मामले को लेकर थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद बस में सवार एक यात्री और कार में सवार दो व्यक्तियों के बीच हुआ था। विवाद की वजह पार्किंग और साइड को लेकर हुई कहासुनी बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों ने शराब पी हुई थी। कहासुनी बढ़ने के बाद बस पर पथराव किया गया, जिससे बस के शीशे टूटे और एक यात्री घायल हुआ। थाना प्रभारी ने कहा कि फिलहाल मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
ढाबा सुपरवाइजर ने मारपीट का भी लगाया आरोप
वहीं, ढाबे पर मौजूद सुपरवाइजर ने घटना को लेकर अलग जानकारी दी। उनके मुताबिक, विवाद की वजह केवल पार्किंग नहीं थी, बल्कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका भी है। सुपरवाइजर ने आरोप लगाया कि कार में सवार व्यक्ति ढाबे पर पहुंचे और उन्होंने बस के शीशे तोड़ दिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि बस चालक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की गई। सुपरवाइजर के अनुसार, जम्मू-कश्मीर की यह बस लंबे समय से ढाबे पर रुकती रही है और यात्री यहां भोजन करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना का धर्म या जाति से कोई संबंध नहीं है।
शिकायत नहीं मिली, फिर भी कार्रवाई करेगी पुलिस
थाना प्रभारी विपिन कुमार के अनुसार, पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद जांच की गई। फिलहाल बस चालक की ओर से कोई शिकायत नहीं दिए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद बस रात में ही अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।