Summer express/कांगड़ा-:विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में शारदीय नवरात्र की महानवमी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां ज्वाला देवी की पवित्र ज्योतियों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर मां के जयकारों से भक्तिमय बना रहा।महानवमी के शुभ अवसर पर ज्वालामुखी मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ कन्या पूजन किया और हवन-यज्ञ में आहुतियां डालकर परिवार की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। इस दौरान हलवे का प्रसाद भी श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
मंदिर के पुजारियों ने मां ज्वाला से विश्व में शांति, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। नवरात्र के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं।मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि नवरात्र शांतिपूर्वक चल रहे हैं। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहयोग देने वाले सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।महानवमी पर मां ज्वाला के दर्शन कर श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में निहाल नजर आए और मां से सुख-शांति एवं खुशहाली का आशीर्वाद मांगा।