Summer express, गुरुग्राम। गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के लिए निजी कंपनी को समानांतर लाइसेंस देने के फैसले के विरोध में हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने 22 से 24 अक्टूबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल रात 10 बजे से शुरू होकर 24 अक्टूबर की रात 10 बजे तक चलेगी। इस दौरान बिजली विभाग का कामकाज प्रभावित होने की आशंका है।
बिजली मंत्री अनिल विज की ओर से बुलाई गई बैठक में शामिल होने से संघर्ष मोर्चा ने इनकार कर दिया है। मोर्चा ने पत्र जारी कर बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई। इससे सरकार और बिजली कर्मचारियों के बीच टकराव बढ़ने के आसार हैं।
संघर्ष मोर्चा का आरोप है कि निजी कंपनी को समानांतर लाइसेंस देना बिजली वितरण व्यवस्था के निजीकरण की दिशा में कदम है। इससे दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम को आर्थिक नुकसान हो सकता है। कर्मचारियों के मुताबिक, निगम, बिजली इंजीनियरों, उपभोक्ताओं, किसानों और विपक्षी दलों की आपत्तियों के बावजूद हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग ने गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को लाइसेंस देने का फैसला किया।
मोर्चा ने सरकार से लाइसेंस देने की प्रक्रिया रोकने और संबंधित आदेश रद्द कराने की मांग की है।