Summer express, पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पांचों छात्र नवरात्र उत्सव में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से अपने आश्रम स्कूल लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
पुलिस के अनुसार, हादसा तड़के जवाहर तालुका के कोंगड़ी घाट पर हुआ। हीरादपाड़ा स्थित गगनगिरी आश्रम स्कूल में पढ़ने वाले पांच छात्र छात्रावास से चुपके से निकलकर सरसुन गांव में आयोजित नवरात्र उत्सव में शामिल होने गए थे। सभी छात्र एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस स्कूल लौट रहे थे।
तड़के करीब ढाई से तीन बजे के बीच स्कूल लौटते समय उनकी मोटरसाइकिल कोंगड़ी घाट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सुमित मोतीराम भिंगल और प्रीतम गणेश पोटिंडा की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापक, वार्डन और चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।