शीतल देवी और पायल नाग की जोड़ी तीरंदाजी फाइनल में पहुंची, पदक तालिका में भारत छठे स्थान पर
एजेंसी | नागोया
जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई पैरा खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को दीप्ति जीवांजी ने महिलाओं की 400 मीटर टी20 दौड़ में 56.36 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और खेलों का रिकॉर्ड बनाया। भारत ने अब तक पांच स्वर्ण, आठ रजत और 10 कांस्य सहित कुल 23 पदक हासिल किए हैं। पदक तालिका में भारत छठे स्थान पर है।
शीतल देवी और पायल नाग की जोड़ी ने महिला कंपाउंड तीरंदाजी के सेमीफाइनल में थाईलैंड को 151-135 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में उसका सामना चीन से होगा। शीतल ने व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इसके अलावा स्वाति चौधरी ने महिला डब्ल्यू1 तीरंदाजी के फाइनल में पहुंचकर भारत का एक रजत पदक पक्का किया।
निशानेबाजी और तैराकी में पदक: पैरा निशानेबाजी में सृष्टि अरोड़ा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में 214.7 अंक लेकर कांस्य पदक जीता। तैराकी में हिमांशु नांदल ने पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल एस11 स्पर्धा में कांस्य हासिल किया। भारत के लिए यह तैराकी में दूसरा पदक रहा।