समर न्यूज|पंचकूला। शालीमार ग्राउंड में मंगलवार को भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया गया। ट्राईसिटी के सबसे ऊंचे रावण को देखने के लिए पंचकूला, चंडीगढ़, मोहाली और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में 50 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। 221 फीट ऊंचा रावण और 50 हजार से अधिक के जनसमूह ने समारोह को यादगार बना दिया। श्री माता मनसा देवी दशहरा कमेटी और श्री आदर्श रामलीला ड्रामाट्रिक क्लब की ओर से आयोजित इस महोत्सव में धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। जैसे ही रावण दहन का समय नजदीक आया, पूरा मैदान लोगों से भर गया। लोगों ने अपने मोबाइल फोन और कैमरों में रावण दहन के दृश्य कैद किए।
दशहरा महोत्सव का मुख्य आकर्षण 221 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन रहा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, विभीषण ने रावण के पुतले को अग्नि दी। देखते ही देखते विशालकाय पुतला आग की लपटों से घिर गया और मैदान में मौजूद लोगों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। इस दौरान पूरा वातावरण उत्साह और उल्लास से गूंज उठा। रावण दहन के साथ की गई शानदार आतिशबाजी ने महोत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया। हरियाणवी गायक तेजपाल ने अपने गीतों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। महोत्सव में उमड़ी भीड़ ने आयोजन की लोकप्रियता को दर्शाया। विशालकाय रावण के पुतले, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और शानदार आतिशबाजी ने लोगों के लिए दशहरा पर्व को यादगार बना दिया। दशहरा महोत्सव में वरिष्ठ संघ प्रचारक प्रेम जी गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी, पंचकूला के मेयर श्यामलाल बंसल, रतन लाल कटारिया ट्रस्ट की संयोजक बंतो कटारिया, एसपीएस कंस्ट्रक्शन इंडिया के एमडी एसपी सिंगला और सनलिट ग्रुप के चेयरमैन रमेश गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में शिरकत की। श्री माता मनसा देवी दशहरा कमेटी के चेयरमैन विष्णु गोयल, प्रधान नवराज मित्तल जॉनी, संदीप गुप्ता ने आयोजन की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।