सहजप्रीत सिंह | लुधियाना
समर न्यूज
बेटी के जन्म से घर में गूंजी किलकारियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। थाना डिवीजन नंबर-6 के इलाके में स्थित जीके अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं।
पति विशाल का दावा है कि पेट में तेज दर्द होने पर मदद मांगने के बावजूद पत्नी को राहत नहीं मिली, बल्कि नर्स ने उसे थप्पड़ मारे। महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और इंसाफ की मांग की। मृतका के पति विशाल के मुताबिक, वह गर्भवती पत्नी को डिलीवरी के लिए जीके अस्पताल लेकर आए थे। दोपहर करीब तीन बजे खुशबू ने बच्ची को जन्म दिया। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। विशाल का आरोप है कि रात करीब 12 बजे पत्नी के पेट में तेज दर्द उठा। उसने अस्पताल में मौजूद नर्स को मदद के लिए बुलाया, लेकिन नर्स ने कथित तौर पर गुस्से में आकर खुशबू को चार से पांच थप्पड़ मार दिए।
}हालत बिगड़ी तो सिविल अस्पताल किया रेफर: परिजनों के अनुसार, कुछ देर बाद खुशबू की हालत और गंभीर हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने खुशबू को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया और संबंधित डॉक्टरों व नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।