सहजप्रीत सिंह | लुधियाना
समर न्यूज
लुधियाना के मॉडल टाउन स्थित ब्राइट वे वीजा इमिग्रेशन कार्यालय पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कार्यालय के मालिक से रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं मिलने पर आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए कार्यालय पर गोलियां चलाई थीं।
पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में दूसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के निर्देशों पर डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह, एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन रुपिंदर कौर और एसीपी डिटेक्टिव-1 हर्षप्रीत सिंह की अगुवाई में सीआईए स्टाफ ने कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अवतार सिंह कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार निवासी हजूरी बाग कॉलोनी, सलेम टाबरी, लुधियाना के रूप में हुई है।
10 और 11 अक्टूबर की मध्यरात्रि दो युवक बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर ब्राइट वे वीजा इमिग्रेशन कार्यालय पहुंचे थे। दोनों ने कार्यालय पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता भानव आहूजा के बयान पर थाना मॉडल टाउन में 11 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया था। जांच में फायरिंग करने वाले दूसरे आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी गगनदीप के रूप में हुई है।