Summer express, जैतो। जैतो में सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई और विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, गांव उकंद वाला निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र जसवीर सिंह वीरवार सुबह अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्कूल जा रहा था। जब वे अस्पताल रोड से गुजर रहे थे, तभी रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के पास सड़क किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुल गया। मोटरसाइकिल सवार हरजिंदर सिंह कार के खुले दरवाजे से टकराकर सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे ट्रक के टायर के नीचे आ गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सहारा क्लब की टीम एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने गंभीर रूप से घायल छात्र को सिविल अस्पताल जैतो पहुंचाया। उसकी हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे सिविल अस्पताल बठिंडा ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया।
सहारा क्लब की टीम ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। हादसे में छात्र की मौत की खबर फैलते ही स्कूल में मातम छा गया और एहतियातन स्कूल में छुट्टी कर दी गई।