बिलासपुर में 30 अक्टूबर से अंडर-19 महिला चैलेंजर ट्रॉफी, डब्ल्यूपीएल चयनकर्ताओं की रहेगी नजर
Summer express/बिलासपुर, सुभाष-:हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित लुहणू क्रिकेट मैदान में 30 अक्टूबर से अंडर-19 महिला चैलेंजर ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में इंडिया ए, इंडिया बी, इंडिया सी और इंडिया डी की टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। सभी चारों टीमें 27 अक्टूबर को बिलासपुर पहुंचेंगी और 28 अक्टूबर से अभ्यास सत्र शुरू करेंगी।
जिला क्रिकेट संघ बिलासपुर के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सहयोग और प्रोत्साहन से बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार हो रहा है। हाल ही में संपन्न रणजी ट्रॉफी मुकाबले में लगभग 10 हजार दर्शकों की मौजूदगी ने क्रिकेट के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाया था। ऐसे में महिला चैलेंजर ट्रॉफी के दौरान भी अच्छी दर्शक संख्या रहने की उम्मीद है।इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के लिए खिलाड़ियों का चयन करने वाली चयनकर्ता समिति के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। इससे युवा महिला क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और भविष्य में बड़े मंच पर जगह बनाने का अवसर मिलेगा।प्रतियोगिता के पहले दिन 30 अक्टूबर को इंडिया ए का सामना इंडिया सी से होगा, जबकि इंडिया बी और इंडिया डी के बीच मुकाबला खेला जाएगा। एक नवंबर को इंडिया बी-इंडिया सी और इंडिया ए-इंडिया डी आमने-सामने होंगे। तीन नवंबर को इंडिया ए-इंडिया बी तथा इंडिया सी-इंडिया डी के बीच मैच होंगे।पांच नवंबर को प्लेऑफ मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि शाम को फाइनल आयोजित होगा। इस आयोजन से बिलासपुर को राष्ट्रीय क्रिकेट के मानचित्र पर नई पहचान मिलने और महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।