Summer express, रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र के गांव कापड़ीवास में 21 वर्षीय नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान निकिता के रूप में हुई है, जो उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की रहने वाली थी। घटना का पता शाम उस समय चला, जब उसका पति ड्यूटी से घर लौटा। सूचना मिलने के बाद पुलिस और अपराध जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार, निकिता और उसके पति अंकित कुमार ने परिवार की सहमति के बिना प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों हरियाणा आकर रहने लगे थे। अंकित धारूहेड़ा स्थित एक औद्योगिक इकाई में काम करता है। दोनों ने कापड़ीवास गांव में किराए पर मकान लिया हुआ था, जहां वे साथ रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि सुबह अंकित रोजाना की तरह काम पर चला गया था। शाम करीब सात बजे जब वह ड्यूटी पूरी कर कमरे पर लौटा, तो उसकी पत्नी निकिता का शव छत पर लगे पाइप से चुन्नी के सहारे लटका हुआ मिला। यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही धारूहेड़ा के सेक्टर-6 थाना प्रभारी सचिन कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए अपराध जांच टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कमरे का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।