Summer express/शिमला/संजू -: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला। बिंदल ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन देश में अराजकता का माहौल बनाकर केंद्र सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों में जनता द्वारा नकारे जाने के बाद विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना चाहता है। बिंदल ने कांग्रेस पर संविधान की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए हिमाचल प्रदेश में चार स्थानों पर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालने का ऐलान किया। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सरकार रिपीट करने के दावे पर तंज कसते हुए इसे मुंगेरीलाल के हसीन सपने करार दिया।
शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को निशाने पर लिया। बिंदल ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहता है और भारत को बांग्लादेश जैसी स्थिति में ले जाने की कोशिश कर रहा है।उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी संविधान की धज्जियां उड़ाने का काम कर रहे हैं। बिंदल ने कांग्रेस के इतिहास पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि देश में चुनी हुई सरकारों को गिराने से लेकर आपातकाल के दौरान संविधान में बदलाव करने तक, कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में दो संविधान और दो विधान की व्यवस्था का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की नीतियों पर भी सवाल उठाए। बिंदल ने कहा कि आज संविधान की बात करने वाले लोग ही अतीत में इसकी मर्यादाओं को तार-तार करते रहे हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र रच रही है, लेकिन जनता उसके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने घुसपैठियों के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरते हुए आरोप लगाया कि घुसपैठियों को संरक्षण देकर देश के नागरिकों के अधिकारों पर चोट की जा रही है। बिंदल ने कहा कि भाजपा प्रदेश में लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरोध में चार स्थानों पर पदयात्राएं निकालेगी। उन्होंने बताया कि 30 अक्तूबर को धर्मशाला में और 1 नवंबर को शिमला में पदयात्रा आयोजित की जाएगी। शिमला में यह पदयात्रा पुराने बस अड्डे से चौड़ा मैदान तक निकाली जाएगी, जिसकी अगुवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा करेंगे। इसके अलावा 4 नवंबर को मंडी और हमीरपुर में भी पदयात्राएं निकाली जाएंगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के ऐसे बयान पार्टी के ताबूत में आखिरी कील साबित होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है और अब राजनीतिक हताशा में इस तरह की बयानबाजी कर रही है।
वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दोबारा सत्ता में आने के दावे पर बिंदल ने तंज कसते हुए इसे मुंगेरीलाल के हसीन सपने बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पिछले चार वर्षों के जख्मों को भूली नहीं है और आने वाले चुनावों में कांग्रेस को इसका जवाब देगी।