Summer express, विकास शर्मा , चिंतपूर्णी। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां चिंतपूर्णी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मंदिर परिसर के विस्तारीकरण और विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के तहत इस परियोजना पर 56.26 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर में आधुनिक कतार परिसर (क्यू कॉम्प्लेक्स) बनाया जाएगा, जिसमें एक समय में करीब 4,000 श्रद्धालुओं के व्यवस्थित तरीके से खड़े होने की व्यवस्था होगी। इससे श्रद्धालुओं को धूप और बारिश के दौरान कतार में खड़े होकर होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत प्रस्तावित क्यू कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए जमीन की कटाई का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। अब मुख्य नींव का कार्य शुरू करने की तैयारी है। निर्माण कार्य को तेज गति से पूरा करने के लिए संबंधित निर्माण कंपनी की ओर से स्थल पर विशेष मशीनरी स्थापित की जाएगी। इससे पहाड़ी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित जगह के बावजूद कंक्रीट का काम सुचारू रूप से किया जा सकेगा।
निर्माण स्थल तक भारी मशीनरी पहुंचाने के लिए मुंबई से आई विशेषज्ञ टीम ने चिंतपूर्णी बाजार का निरीक्षण किया है। संकरे रास्तों और बाजार की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मशीन को सुरक्षित तरीके से पहुंचाने और स्थापित करने की योजना तैयार की जा रही है। ठेकेदार विशाल के अनुसार, नक्शा विभाग से अंतिम रूपरेखा मिलते ही अगले कुछ दिनों में मशीन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद नींव और कंक्रीट से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विशेष चेन लिफ्ट मिक्सर मशीन में कंक्रीट तैयार करने के लिए मिक्सिंग ड्रम और सामग्री को ऊपर या नीचे पहुंचाने के लिए चेन आधारित लिफ्ट व्यवस्था होती है। कंक्रीट तैयार होने के बाद मशीन की सहायता से इसे सीधे निर्माण स्थल या नींव तक पहुंचाया जा सकता है। इससे सामग्री को हाथों से ढोने के लिए अतिरिक्त श्रम की जरूरत कम होती है और काम की गति बढ़ाने में मदद मिलती है।
चिंतपूर्णी जैसे पहाड़ी धार्मिक स्थल पर संकरी सड़कों और सीमित जगह के कारण बड़ी रेडी मिक्स कंक्रीट गाड़ियों को निर्माण स्थल तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में छोटी जगह पर स्थापित की जा सकने वाली यह मशीन निर्माण कार्य को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने में सहायक होगी।
मंदिर परिसर के विस्तारीकरण और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर कतार व्यवस्था विकसित होने से मां चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए आने वाले लोगों को अधिक सुविधाजनक अनुभव मिलने की उम्मीद है। प्रसाद योजना के तहत चल रही यह परियोजना मंदिर परिसर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।