Summer express, पलवल। हरियाणा के पलवल शहर के व्यस्त रेलवे रोड पर होली चिल्ड्रन स्कूल के सामने स्थित एमएस इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि शोरूम की दूसरी मंजिल पर रखा करोड़ों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गया। शुरुआती आकलन के मुताबिक, इस हादसे में शोरूम मालिक को करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की घटना रात करीब 12 बजे की है। शोरूम की दूसरी मंजिल से अचानक धुआं उठने लगा। सामने की दुकानों के ऊपर बने मकान में रह रहे एक व्यक्ति की नजर खिड़की से बाहर निकलते धुएं पर पड़ी। उन्होंने तुरंत फोन कर शोरूम मालिक शुभम को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही शुभम मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने 15 गाड़ियों को मौके पर भेजा। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने करीब पांच घंटे तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक शोरूम में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
शोरूम की दूसरी मंजिल पर एलईडी टीवी, म्यूजिक सिस्टम, वाटर प्यूरीफायर, माइक्रोवेव ओवन और अन्य घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का बड़ा स्टॉक रखा हुआ था। आग की लपटों ने पूरे स्टॉक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कोई भी सामान सुरक्षित नहीं बचाया जा सका।
आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को पानी की कमी और बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण काफी परेशानी हुई। रात में हल्की बारिश के बाद इलाके की बिजली चली गई थी। ऐसे में दमकल की गाड़ियों को पानी भरने के लिए शहर से दूर बघोला स्थित एक निजी कंपनी तक जाना पड़ा। पानी की व्यवस्था करने में लगने वाले समय के कारण राहत अभियान प्रभावित हुआ।
दमकल कर्मियों के मुताबिक, शोरूम में बड़ी मात्रा में लकड़ी और प्लास्टिक के शोकेस तथा रैक बने हुए थे। आग बुझाने के लिए पानी डालने पर कुछ समय के लिए लपटें शांत हो जाती थीं, लेकिन लकड़ी और प्लास्टिक में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग दोबारा भड़क उठती थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।