पलवल, सुंदर कुंडू I हरियाणा कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने दावा किया कि महारैली में लाखों की संख्या में लोगों की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कार्यकर्ता इस रैली में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। महारैली में उमड़ने वाली भीड़ देश और प्रदेश में बदलाव की जनता की इच्छा को प्रदर्शित करेगी।
संजय दत्त पलवल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने की। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पृथला विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, पूर्व मंत्री चौ. करण सिंह दलाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं एआईसीसी पर्यवेक्षक कृष्णा तीरथ और प्रदेश कांग्रेस पर्यवेक्षक एवं पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने नेताओं व कार्यकर्ताओं को महारैली की तैयारियों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
वोट चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
संजय दत्त ने भाजपा सरकार पर चुनावों में वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन चला रही है। जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने भाजपा पर जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और बेरोजगारी युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांवों और घरों तक पहुंचकर लोगों को महारैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
राहुल गांधी के पहुंचने पर दिखे हरियाणा की सबसे बड़ी भागीदारी: राव नरेंद्र सिंह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार हरियाणा के अधिकारों और जनता के हितों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि जब राहुल गांधी रामलीला मैदान पहुंचें तो वहां हरियाणा की भागीदारी सबसे अधिक दिखाई दे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी है। रामलीला मैदान की महारैली इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
राव नरेंद्र सिंह ने दावा किया कि महारैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल राजनीतिक रैली नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाने का मंच है। उन्होंने भाजपा पर महारैली की तैयारियों और संभावित भीड़ को लेकर चिंतित होने का आरोप भी लगाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने बताया कि महारैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि पलवल जिले से करीब पांच हजार कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पलवल जिले की भागीदारी महारैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।