Summer/शिमला, संजू-:हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रीय संकल्प दिवस मनाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, यादविंद्र गोमा और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक फैसलों, बैंक राष्ट्रीयकरण और देश के विकास में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए उनके प्रयासों को भी याद किया। इस मौके पर डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने भी इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।वहीं, श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी के जरिए लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और लोगों को उनके मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से लोग शामिल होकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और करोड़ों लोगों के वोट काटकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।
उधर, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवाल लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय हैं। नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली के माध्यम से कांग्रेस लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करेगी।