Summer express/राहुल चावला, कांगड़ा-:कांगड़ा जिले के गग्गल में मांझी पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 39 वर्षीय स्कूटी सवार की जान चली गई। रछियालु डाइवर्जन के नजदीक निजी बस और स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर में स्कूटी चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। गुस्साए परिजनों ने सड़क पर उतरकर हाईवे को जाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
मृतक की पहचान संदीप कुमार (39) निवासी रछियालु, गग्गल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार निजी बस चंबा से पठानकोट की तरफ जा रही थी। इसी दौरान रछियालु लिंक रोड से आ रही स्कूटी के साथ बस की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर ही चल पाएगा।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस बीच मृतक के परिजनों ने बस चालक और बस ऑपरेटर को घटनास्थल पर बुलाने के साथ उचित मुआवजे और हादसे की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई। विरोध के चलते हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत करवाया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि हादसे में शामिल बस भाटिया बस सर्विसेज की है। बस चालक विजय कुमार निवासी पठियार का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है।पुलिस थाना गग्गल में चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज टांडा में करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को तत्काल फौरी राहत दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अतिरिक्त राहत राशि जारी करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।