Summer express, जालंधर। जालंधर में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे के समय कार में पांच युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांचों युवक फॉक्सवैगन कार में सवार थे। जब उनकी गाड़ी पुलिस लाइन के नजदीक फ्लाईओवर से गुजर रही थी, तभी सड़क पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान स्पीड रिकॉर्ड म्यूजिक कंपनी के मालिक दिनेश के बेटे दिवित ओलक और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना बारादरी पुलिस को रविवार तड़के करीब तीन बजे दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सब-इंस्पेक्टर सुच्चा सिंह ने बताया कि कार में कुल पांच युवक सवार थे और सभी जन्मदिन की पार्टी से वापस लौट रहे थे। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।