Summer express, नई दिल्ली। दिवाली से पहले आम लोगों और कारोबारियों को महंगाई का एक और झटका लगा है। देशभर में 1 नवंबर से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली, चेन्नई, अहमदाबाद और शिलांग समेत कई शहरों में नए दाम लागू हो गए हैं। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पहले 1 अक्टूबर को भी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम 62.50 रुपये बढ़ाए गए थे।
राजधानी दिल्ली में अब 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर 2,810 रुपये के बजाय 2,820 रुपये में मिलेगा। वहीं, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर स्थिर है। चेन्नई में कमर्शियल सिलेंडर 11.50 रुपये महंगा होकर 2,994.50 रुपये का हो गया है। यहां घरेलू सिलेंडर की कीमत 957.50 रुपये बनी हुई है।
अहमदाबाद में कमर्शियल सिलेंडर के दाम 10.50 रुपये बढ़कर 2,842 रुपये हो गए हैं, जबकि घरेलू सिलेंडर 949 रुपये में मिल रहा है। मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,764 रुपये और घरेलू सिलेंडर की 941.50 रुपये है।
पटना में कमर्शियल सिलेंडर का दाम बढ़कर 3,132 रुपये पहुंच गया है। यहां घरेलू सिलेंडर 1,040 रुपये का है। लखनऊ में कमर्शियल सिलेंडर 2,942 रुपये में मिलेगा, जबकि घरेलू सिलेंडर की कीमत 979.50 रुपये पर बरकरार है। शिलांग में कमर्शियल सिलेंडर 3,091 रुपये और घरेलू सिलेंडर 1,007.50 रुपये का है।
कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबार पर पड़ सकता है। इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बड़े पैमाने पर 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर का इस्तेमाल होता है। ऐसे में गैस की लागत बढ़ने से कारोबारियों का खर्च भी बढ़ सकता है। इसका असर आगे चलकर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है या नहीं, यह बाजार की परिस्थितियों और कारोबारियों की लागत पर निर्भर करेगा।