Summer express, यमुनानगर। हरियाणा में अवैध खनन पर कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। साढौरा में अवैध खनन सामग्री से भरे डंपर को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने एसडीएम व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह को कुचलने की कोशिश की। आरोप है कि डंपर के पीछे चल रही सफेद रंग की क्रेटा कार के चालक ने भी सरकारी वाहन का रास्ता रोककर डंपर चालक को भागने में मदद की। एसडीएम की शिकायत पर पुलिस ने डंपर और क्रेटा कार के अज्ञात चालकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि सुबह करीब 6:15 बजे वह साढौरा स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विश्राम गृह में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान विश्राम गृह के पास उन्हें एक डंपर आता दिखाई दिया। डंपर में अवैध खनन सामग्री होने का संदेह होने पर उन्होंने चालक को वाहन रोकने का इशारा किया।
आरोप है कि डंपर चालक ने रुकने के बजाय वाहन की गति बढ़ा दी और एसडीएम को टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास किया। एसडीएम ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने डंपर को रोकने के लिए सरकारी वाहन से उसका पीछा किया।
इसी दौरान डंपर के पीछे चल रही सफेद रंग की क्रेटा कार के चालक ने पीछा कर रहे सरकारी वाहन का रास्ता रोकने की कोशिश की। शिकायत के अनुसार, कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाए और वाहन को बार-बार टेढ़ा-मेढ़ा चलाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। इस कारण डंपर चालक को मौके से भागने का मौका मिल गया। बाद में क्रेटा कार चालक भी मुलाना की ओर फरार हो गया।
एसडीएम ने बताया कि पूरी घटना की मोबाइल फोन से रिकॉर्डिंग भी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना की रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने तथा पूरे मामले की जांच में जुटी है।