नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वालों की अब खैर नहीं, दिवाली पर भी रहेगी पुलिस की पैनी निगरानी
Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:कांगड़ा जिले में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। तेज रफ्तार बाइक चलाने, नंबर प्लेट पर टेप लगाने और नंबर छिपाकर सड़कों पर दौड़ने वालों पर अब पुलिस की विशेष नजर है। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा के अनुसार, इस महीने के शुरुआती सप्ताह में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट और अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले करीब 154 वाहनों के चालान किए गए हैं।
पुलिस ने साफ किया है कि दिवाली के दौरान सड़कों पर हुड़दंग मचाने, ओवरस्पीडिंग करने और नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कांगड़ा, धर्मशाला, पालमपुर और बैजनाथ में ट्रैफिक पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।इसके अलावा धर्मशाला में आईटीएमएस कैमरों के जरिए भी नियम तोड़ने वालों के चालान काटे जा रहे हैं। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और तेज रफ्तार के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है।