Summer express, वाशिंगटन । अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत के पाम बीच काउंटी में दोपहर एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। नौ लोगों को लेकर जा रहा एक बिजनेस जेट (लियरजेट 60) दुर्घटनाग्रस्त होकर रिहायशी इलाके के पास सड़क पर जा गिरा। विमान गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई और घटनास्थल पर आग का बड़ा गोला बन गया। अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी के अनुसार, हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई।
ऑस्टिन से बहामास जा रहा था विमान
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, लियरजेट 60 विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और यह बहामास की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 12:50 बजे विमान पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में रिहायशी क्षेत्र के नजदीक एक मुख्य सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान को आसमान से तेजी से नीचे गिरते और जमीन से टकराने के बाद आग की लपटों में घिरते देखा जा सकता है। विमान सड़क से गुजर रहे वाहनों के बेहद करीब गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास के इलाके में आग फैल गई। हादसे के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। दुर्घटनास्थल आसपास के रिहायशी मकानों से भी कुछ ही दूरी पर था।
ट्रंप के मार-ए-लागो क्लब से कुछ मील दूर हुआ हादसा
यह विमान हादसा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पाम बीच स्थित मार-ए-लागो क्लब से करीब सात से आठ मील की दूरी पर हुआ। दुर्घटना के समय राष्ट्रपति ट्रंप मध्यावधि चुनाव से जुड़ी एक रैली के सिलसिले में आयोवा में मौजूद थे।
एनटीएसबी और एफएए की टीमें करेंगी जांच
अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने हादसे पर दुख जताते हुए इसे बेहद भयावह त्रासदी बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों और करीबियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। डफी ने बताया कि दुर्घटना की जांच के लिए नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं।
जांच एजेंसियां विमान दुर्घटना के कारणों और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल करेंगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान के सड़क पर गिरने से जमीन पर मौजूद कोई व्यक्ति घायल हुआ है या नहीं।