मेयर ने कूड़ा उठाने के दिए निर्देश, बोलीं- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
लक्की मेहता | लुधियाना
समर न्यूज
दिवाली के बाद शहर में कूड़े का बोझ बढ़ गया है। सामान्य दिनों में करीब 1100 मीट्रिक टन कूड़ा पैदा होता है, लेकिन दिवाली के दौरान इसमें 35 से 40 फीसदी तक इजाफा हो जाता है। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना नगर निगम के लिए चुनौती बन गया है। इसे देखते हुए मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर ने स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों को शहर से कूड़ा जल्द और नियमित रूप से उठाने के सख्त निर्देश दिए हैं। मेयर ने खास तौर पर स्टैटिक कंपैक्टरों से कूड़ा उठाने की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में मौजूद रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कूड़ा उठाने में किसी तरह की देरी न हो। निगम अधिकारियों के मुताबिक, विश्वकर्मा दिवस के दौरान सफाई कर्मचारियों और अन्य स्टाफ के धार्मिक आयोजनों में व्यस्त रहने के कारण कूड़ा उठाने की रफ्तार प्रभावित हुई थी। हालांकि, अब कर्मचारी दिन-रात शहर से कूड़ा उठाने में जुटे हैं।
मेयर इंद्रजीत कौर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे खुले में कूड़ा न जलाएं। उन्होंने कहा कि कूड़ा जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। नियमों का उल्लंघन कर कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में शहर की कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है।