भाजपा पर वोट चोरी और विधायकों की खरीद-फरोख्त के लगाए आरोप
Summer express/देहरा, गुलशन धनोहा। कांग्रेस नेता, कांगड़ा जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने दावा किया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कांगड़ा जिला की 10 से 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। देहरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने भाजपा और पूर्व विधायक होशियार सिंह पर जमकर निशाना साधा। उपचुनाव में कांग्रेस पर लगाए गए वोट चोरी के आरोपों को खारिज करते हुए रायजादा ने भाजपा पर ही वोट चोरी, चंदा चोरी और विधायकों की खरीद-फरोख्त के गंभीर आरोप लगाए।
रायजादा ने कहा कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में केवल वोट चोरी और चंदा चोरी ही नहीं की, बल्कि प्रदेश के नौ विधायकों को भी अपने साथ मिलाकर राजनीतिक खरीद-फरोख्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्दलीय विधायकों को पैसों के दम पर भाजपा में शामिल करवाया गया। उन्होंने पूर्व विधायक होशियार सिंह पर पलटवार करते हुए कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले उन्हें अपने राजनीतिक फैसलों और गतिविधियों का जवाब देना चाहिए।होशियार सिंह पर तंज कसते हुए रायजादा ने कहा, “छज्ज तां बोले, पर छानणी क्यों बोले।” उन्होंने सवाल उठाया कि जब होशियार सिंह निर्दलीय विधायक थे और भाजपा को समर्थन देना चाहते थे, तो उन्हें विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़ने की जरूरत क्यों पड़ी? वह अपनी सदस्यता बरकरार रखते हुए भी भाजपा को समर्थन दे सकते थे। रायजादा ने आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे आर्थिक लेन-देन हुआ था और होशियार सिंह को इस पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।उन्होंने होशियार सिंह को मिली ऐच्छिक निधि का मामला उठाते हुए दावा किया कि उन्हें 12 लाख रुपये की राशि मिली थी, जिसमें से सात लाख रुपये अपनी ही कंपनी के कर्मचारियों को बांटे गए। रायजादा ने इस राशि के इस्तेमाल पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि इस मामले में भी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा पर राम मंदिर से जुड़ी सामग्री की चोरी के आरोप लगाने के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में भी वोट चोरी का आरोप लगाया।
कांगड़ा में कांग्रेस की मजबूत स्थिति का दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रायजादा ने कहा कि कांग्रेस कांगड़ा जिला में पहले से अधिक मजबूत स्थिति में है। पिछले दो महीनों से वह लगातार जिले के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और आम लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नेताओं से फीडबैक ले रहे हैं। इस दौरान मिले फीडबैक के आधार पर उन्हें विश्वास है कि कांग्रेस आगामी चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस कांगड़ा जिला की 10 से 11 सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और लोगों के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करना प्राथमिकता
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी और संगठन में चल रही खींचतान के सवाल पर रायजादा ने कहा कि सत्ता में रहने वाली पार्टी के कार्यकर्ताओं की सरकार से कई अपेक्षाएं होती हैं। हर कार्यकर्ता की उम्मीद पूरी करना संभव नहीं होता, जिसके चलते कभी-कभी नाराजगी और मनमुटाव पैदा हो जाता है।उन्होंने माना कि कुछ कार्यकर्ताओं में असंतोष है, लेकिन बातचीत के माध्यम से इसे दूर किया जाएगा। रायजादा ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। देहरा में कांग्रेस की जीत में भी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि देहरा सीट पर कांग्रेस अपनी जीत दोहराने के लिए पूरी मजबूती से प्रयास करेगी।
सुक्खू सरकार के प्रयासों की सराहना
रायजादा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। सरकार प्रदेश के संसाधनों और अधिकारों को सुरक्षित रखने के साथ आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए काम कर रही है।उन्होंने स्पीति क्षेत्र की रॉयल्टी से जुड़े मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रदेश को अपने अधिकारों और संसाधनों के मामले में मजबूती मिली है। उन्होंने केंद्र सरकार पर हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। रायजादा ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से घोषित 1600 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी प्रदेश को नहीं मिली। उन्होंने केंद्र सरकार से हिमाचल के हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।
चुनाव लड़ने का फैसला हाईकमान पर छोड़ा
विधानसभा या लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर रायजादा ने कहा कि वह पार्टी हाईकमान के निर्देशों के अनुसार ही आगे की भूमिका तय करेंगे। यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी देता है तो वह इसके लिए तैयार हैं। इसी तरह लोकसभा चुनाव लड़ने का निर्देश मिलने पर भी वह पीछे नहीं हटेंगे। संगठन में कोई अन्य जिम्मेदारी मिलने पर भी वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करेंगे।उन्होंने कहा कि उनके लिए पद से अधिक महत्वपूर्ण कांग्रेस पार्टी को मजबूत करना और संगठन के हित में काम करना है। पार्टी हाईकमान जो भी जिम्मेदारी सौंपेगा, उसे पूरी मेहनत से निभाया जाएगा।
विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे देहरा
रायजादा ने बताया कि उनका देहरा क्षेत्र में लगातार आना-जाना रहता है। इस बार वह ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष महिंद्र सिंह राणा के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने नवविवाहित जोड़े और परिवार को शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि देहरा विधानसभा उपचुनाव के दौरान भी पार्टी ने उन्हें यहां प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता के चलते पार्टी ने चुनाव में जीत हासिल की थी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर की ओर से क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों की भी सराहना की और कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार और संगठन मिलकर काम कर रहे हैं।