Summer express/हमीरपुर, अरविंद। कांगड़ा जिले के बनखंडी में निर्माणाधीन दुर्गेश जूलॉजिकल पार्क जल्द ही रोजगार और पर्यटन के नए अवसर लेकर आएगा। पार्क के पहले चरण का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वन्यजीवों की देखभाल और प्रबंधन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित कर ली गई हैं। अब पार्क को शुरू करने की दिशा में विभाग ने कर्मचारियों की तैनाती की तैयारी तेज कर दी है।पार्क के सुचारू संचालन के लिए कुल 92 पदों को भरने की मंजूरी मिल गई है। इनमें वन मित्रों के 31 पद शामिल हैं, जबकि 61 पद आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया के तहत एनिमल कीपर, अटेंडेंट, इलेक्ट्रिशियन, फिटर सहित विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
पार्क के पहले चरण में वन्यजीवों के उपचार के लिए अस्पताल, नए वन्यजीवों को अलग रखने के लिए क्वारंटाइन सेंटर, प्रशासनिक ब्लॉक और किचन का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इन सुविधाओं के शुरू होने से वन्यजीवों की देखभाल, स्वास्थ्य जांच और दैनिक प्रबंधन की व्यवस्था बेहतर होगी।इसके अतिरिक्त पार्क को पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से सोलर पावर प्लांट स्थापित करने की योजना है। यहां इको टूरिज्म जोन भी विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के और अवसर पैदा होंगे।डीएफओ वाइल्ड लाइफ हमीरपुर रेजिनॉल्ड रायस्टन ने बताया कि दुर्गेश जूलॉजिकल पार्क के पहले चरण का काम लगभग पूरा हो चुका है। पार्क के संचालन के लिए 92 पदों को भरने की स्वीकृति मिली है। इनमें 31 पद वन मित्रों के और 61 पद आउटसोर्सिंग के आधार पर भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्क में सोलर पावर प्लांट और इको टूरिज्म जोन सहित अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।पार्क के शुरू होने से न केवल वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि कांगड़ा जिले को पर्यटन के क्षेत्र में भी नई पहचान मिलने की संभावना है।