Summer express/नूरपुर, संजीव महाजन। जसूर में ट्रक यूनियन के अस्थायी कार्यालय के शुभारंभ के बहाने पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता राकेश पठानिया की मौजूदगी ने क्षेत्र की सियासी चर्चाओं को एक बार फिर गर्म कर दिया। कार्यक्रम में ट्रक यूनियन से जुड़े लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया और उनके योगदान की सराहना करते हुए ‘ट्रक यूनियन की मजबूरी है, राकेश पठानिया जरूरी हैं’ का नारा बुलंद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम में खासा उत्साह देखने को मिला।
राकेश पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि जसूर ट्रक यूनियन और क्षेत्र के हजारों लोगों के रोजगार के साथ उनका वर्षों पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए बताया कि वर्ष 1998 में पहली बार विधायक बनने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सहयोग से नूरपुर क्षेत्र में लकड़ी का बड़ा डिपो स्थापित करवाया था। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े और ट्रांसपोर्ट कारोबार को भी नई दिशा मिली।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को काफी फायदा होगा। उद्योगों के विस्तार से माल ढुलाई का काम बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं सहित ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े परिवारों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। जसूर ट्रक यूनियन इस आर्थिक गतिविधि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने जब उनसे चुनावी राजनीति और नूरपुर में उनकी सक्रियता को लेकर सवाल किए तो पठानिया ने अपने अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “नूरपुर मेरी जन्मभूमि है और फतेहपुर मेरी कर्मभूमि है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि नूरपुर में उनके परिवार के लोग रहते हैं और इस क्षेत्र से उनका पुराना पारिवारिक एवं भावनात्मक रिश्ता है। परिवार के लोगों के बुलाने पर यहां आना स्वाभाविक है। इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।हालांकि, ट्रक यूनियन के कार्यक्रम में लगे नारों और पठानिया की मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में नूरपुर की राजनीति में उनकी सक्रियता क्या नया संदेश देती है।