सीएम का दावा- पांच गुटों में बंटी हिमाचल भाजपा, दिल्ली में चल रही लॉबिंग
Summer express/मंडी, धर्मवीर। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा के भीतर चल रही राजनीतिक खींचतान को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ नेता पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को उनके पद से हटाना चाहते हैं। इसके लिए दिल्ली में लॉबिंग भी की जा रही है। प्रदेश सरकार के पास इस संबंध में पूरी जानकारी है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश भाजपा इस समय पांच गुटों में बंटी हुई है और जयराम ठाकुर को पार्टी के भीतर विधायकों का भारी दबाव झेलना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री सुक्खू शुक्रवार को मंडी में चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत आयोजित वॉकथॉन में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर पार्टी में आपसी तालमेल बनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें इसमें कामयाबी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है। विपक्ष के विधायकों को अपने सवाल उठाने का पूरा अवसर दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि सवाल पूछने के साथ-साथ सरकार के जवाब भी सुनने चाहिए। बार-बार सदन से वॉकआउट करना उचित नहीं है।
चिट्टा मुक्त हिमाचल खेलों में 10 हजार से अधिक पंजीकरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पहली बार चिट्टा मुक्त हिमाचल खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जाएगा। इन खेलों में कुल आठ खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। अब तक प्रदेशभर से 10 हजार से अधिक प्रतिभागी अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता टीम को 31 लाख रुपये, उपविजेता को 21 लाख रुपये और तीसरा स्थान हासिल करने वाली टीम को 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट करना और खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना है।
भाजपा सरकार में लागू नहीं हुआ था पीआईटी एनडीपीएस एक्ट
नशे के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में पीआईटी एनडीपीएस एक्ट लागू नहीं कर पाई थी। कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभालने के महज दो महीने के भीतर इसे लागू किया। उन्होंने कहा कि इस कानून में नशे के कारोबार से जुड़े सप्लायरों के खिलाफ छह महीने तक हिरासत और उनकी संपत्तियों को अटैच करने जैसे सख्त प्रावधान हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में चिट्टे के कारोबार में 50 प्रतिशत की कमी आई है।
भाजपा विधायकों की गैरमौजूदगी पर भी उठाए सवाल
मंडी में आयोजित वॉकथॉन में हजारों युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर और मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा मौजूद रहे, जबकि जिले के अन्य भाजपा विधायक शामिल नहीं हुए। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत यह छठा बड़ा आयोजन था। नशे के खिलाफ लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रमों में विपक्षी विधायकों को बिना निमंत्रण के भी शामिल होना चाहिए था।इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंडी में जिला पुस्तकालय के नए भवन की आधारशिला भी रखी।