बैग में रखे थे 1.25 से 1.50 लाख रुपये, पर्स और जरूरी सामान
ऊना, राकेश-। ईमानदारी और इंसानियत आज भी समाज में जिंदा है। इसका उदाहरण सोलन में देखने को मिला, जहां एक पार्किंग संचालक ने अपनी सूझबूझ और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए नकदी और कीमती सामान से भरे बैग के मालिक का पता लगाने के लिए पूरी मेहनत की। सौरभ शर्मा नामक इस पार्किंग संचालक की पहल से ऊना के एक डॉक्टर दंपति को बड़ी राहत मिली, जिनका बैग सोलन में पार्किंग के दौरान छूट गया था।
कुराली पहुंच चुके डॉक्टर दंपति को फोन कर दी बैग छूटने की सूचना
जानकारी के अनुसार ऊना निवासी चिकित्सक डॉ. जगदीश्वर सिंह कंवर अपनी पत्नी डॉ. किरण कंवर के साथ किसी निजी कार्य से सोलन आए हुए थे। इस दौरान उन्होंने सेंट ल्यूक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के समीप स्थित एलआरटी पार्किंग में अपनी गाड़ी खड़ी की थी। काम पूरा होने के बाद जब दंपति वापस रवाना हुए तो जल्दबाजी में उनका एक बैग पार्किंग में ही रह गया। बैग में करीब 1.25 लाख से 1.50 लाख रुपये की नकदी, पर्स और अन्य महत्वपूर्ण सामान मौजूद था।कुछ समय बाद पार्किंग संचालक सौरभ शर्मा की नजर इस लावारिस बैग पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए उसके मालिक की तलाश शुरू कर दी। हालांकि बैग में ऐसा कोई दस्तावेज या मोबाइल नंबर नहीं था, जिससे सीधे उसके मालिक से संपर्क किया जा सके।इसके बाद सौरभ ने पार्किंग परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर उन्होंने संबंधित वाहन की पहचान की और गाड़ी के नंबर के माध्यम से उसके मालिक तक पहुंचने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें डॉक्टर दंपति की जानकारी मिली।इसी बीच डॉ. जगदीश्वर सिंह कंवर और डॉ. किरण कंवर ऊना लौटते समय कुराली पहुंच चुके थे। तभी सौरभ शर्मा ने उन्हें फोन कर बैग पार्किंग में सुरक्षित होने की जानकारी दी। यह सुनते ही डॉक्टर दंपति ने राहत की सांस ली।डॉक्टर दंपति ने सौरभ शर्मा की ईमानदारी, सजगता और जिम्मेदार व्यवहार की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी रकम और जरूरी सामान होने के बावजूद बैग को सुरक्षित रखना और उसके मालिक को तलाशने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालना सराहनीय कार्य है।