Summer express, नई दिल्ली। जेएसडब्ल्यू समूह की यात्री वाहन इकाई जेएसडब्ल्यू मोटर्स ने नए ऊर्जा वाहनों के विकास और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के लिए ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई) के साथ साझेदारी की है। इस संबंध में दोनों संस्थानों ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी की ओर से सोमवार को जारी बयान के मुताबिक, इस सहयोग के तहत नए ऊर्जा वाहनों का संयुक्त विकास, परीक्षण और स्थानीयकरण किया जाएगा।
इस रणनीतिक साझेदारी का मुख्य उद्देश्य वाहनों और उनसे जुड़ी प्रणालियों के विकास के लिए मजबूत तकनीकी ढांचा तैयार करना है। इसके अलावा वाहन परीक्षण, नियामकीय मानकों के अनुपालन और भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप नई तकनीकों को विकसित करने पर भी काम किया जाएगा। इस सहयोग से कंपनी को स्वदेशी इंजीनियरिंग क्षमताओं को बढ़ाने और नए ऊर्जा वाहन क्षेत्र में अपनी तकनीकी पकड़ मजबूत करने में मदद मिलेगी।
जेएसडब्ल्यू मोटर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रंजन नायक ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य केवल वाहन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि वह स्वदेशी इंजीनियरिंग क्षमताओं के आधार पर एक विश्वस्तरीय भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि एआरएआई के साथ साझेदारी से भारतीय जरूरतों और परिचालन परिस्थितियों के अनुकूल अगली पीढ़ी के परिवहन समाधान विकसित करने की प्रक्रिया को गति मिलेगी। कंपनी का लक्ष्य ऐसे वाहन तैयार करना है, जो वैश्विक स्तर की प्रमुख कंपनियों के उत्पादों के समकक्ष हों।
गौरतलब है कि जेएसडब्ल्यू मोटर्स तीन दिसंबर को अपनी पहली एसयूवी के साथ भारतीय यात्री वाहन बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रही है। इस एसयूवी का निर्माण महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित कंपनी के विनिर्माण संयंत्र में किया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी नई पारी शुरू करेगी।