पानीपत | पानीपत के गांव थिराना से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला की उसके ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला की पहचान प्रिया के रूप में हुई है, जिसकी शादी 2017 में रोशन नामक युवक से हुई थी।
प्रिया के परिजनों का आरोप है कि दिव्यांग पति अकेले हत्या नहीं कर सकता, इसलिए पूरे ससुराल पक्ष और पड़ोसियों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का संदेह जताया गया है।
परिजनों ने बताया कि महिला के पैरों को बांधा गया था और उसके शरीर पर गहरे चोट और घाव के निशान थे। महिला के जीजा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया और फिर हत्या की गई।
इतना ही नहीं, प्रिया के नाक और कान के सारे गहने भी गायब मिले। जीजा ने दावा किया कि ससुराल पक्ष समझौते का दबाव बना रहा है और पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश कर रहा है।
जांच जारी, आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द: पुलिस
एएसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों के बयानों पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी और आरोपियों से जल्द पूछताछ की जाएगी।