Summer express/शिमला-: राजधानी शिमला के समीप जुन्गा में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के चौथे संस्करण का गुरुवार को आगाज हुआ। ग्लाइड इन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने किया। इस दौरान करीब 25 चिल्ड्रन ऑफ दी स्टेट ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें कुछ बच्चों को पैराग्लाइडिंग के जरिए आसमान में उड़ान भरने का यादगार अवसर भी मिला।इस अवसर पर नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक खेल गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार पर्यटन गतिविधियों को प्रमुख शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए प्रयास कर रही है। जुन्गा में पैराग्लाइडिंग की शुरुआत से शिमला आने वाले सैलानियों को एक नया आकर्षण मिल रहा है। इससे ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
चौहान ने आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास हिमाचल को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होंगे।महोत्सव को पर्यटन विभाग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) का सहयोग प्राप्त है। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।महोत्सव में पर्यटकों के लिए पैराग्लाइडिंग का विशेष आकर्षण रखा गया है। इसके लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। पहले दिन करीब 12 से 15 पर्यटकों ने इस रोमांचक गतिविधि का आनंद लिया।इसके अतिरिक्त पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 30 नवंबर से 3 दिसंबर, 2026 तक शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हॉस्पिटैलिटी एक्सपो भी आयोजित किया जाएगा। इसमें पर्यटन और आतिथ्य उद्योग से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कीओंथल कॉन्वेंट स्कूल जुन्गा के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। हिमाचल प्रदेश होमस्टे एसोसिएशन ने भी आयोजन में भागीदारी की।इस मौके पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी शिमला जगदीश शर्मा ने पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं और प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।कार्यक्रम के आयोजक एवं ग्लाइड इन के प्रबंध निदेशक अरुण रावत ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, बच्चों और पर्यटकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विभिन्न विभागों और संस्थाओं का भी धन्यवाद किया।