Summer express, गुरदासपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में राजस्थान और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरदासपुर से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रविंदर सिंह उर्फ रोहित के रूप में हुई है। इस मामले में गुरदासपुर से यह चौथी गिरफ्तारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी के पिता कुलदीप सिंह पंजाब पुलिस में कर्मचारी हैं और वर्तमान में दोरांगला थाने में तैनात हैं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हुई हैं। रविंदर सिंह को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की साजिश में उसकी क्या भूमिका थी और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के साथ उसका किस तरह का संपर्क था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविंदर सिंह इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए महकदीप कौर और दविंदर सिंह का परिचित है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और उनके बीच पहले से जान-पहचान थी। पुलिस अब इस संबंध और आरोपियों के आपसी संपर्कों की भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि राजस्थान के श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ था। जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने इस घटना को आतंकी साजिश से जोड़कर देखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी है। राजस्थान पुलिस मामले से संबंधित दस्तावेज और जांच का रिकॉर्ड एनआईए को सौंपने की प्रक्रिया में है।
इससे पहले मामले में गुरदासपुर से महकदीप कौर, दविंदर सिंह और हरदीप सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब रविंदर सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों और संभावित संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। आगे की जांच एनआईए के स्तर पर भी की जाएगी।